
मोहगांव। वार्ड नंबर 08 में बुधवार को अज्ञात कारणों से एक मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर के भीतर रखा फ्रिज और गृहस्थी का कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। राहत की बात यह रही कि जिस वक्त आग लगी, उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
पड़ोसियों और जनप्रतिनिधियों ने दिखाई तत्परता
जानकारी के अनुसार, यह मकान आशीष खडसे का है। दोपहर के समय अचानक घर से धुआं और लपटें उठती देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जागरूक वार्ड वासियों और पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों और फायर ब्रिगेड को दी।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते सामान जलने लगा। मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया और इसे आस-पास के घरों में फैलने से रोका गया।
नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है। कयास लगाए जा रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। पीड़ित मकान मालिक आशीष खडसे के अनुसार, घर में रखा फ्रिज और अन्य दैनिक उपयोगी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है, जिसके बाद नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा।
