
सीधी। जिले के चुरहट बाईपास के पास कोचटा क्षेत्र में एक पिकअप वाहन पेट्रोलियम टैंकर में जा घुसा। घने कोहरे के कहर की वजह से रीवा-सीधी नेशनल हाईवे 39 में यह हादसा बुधवार सुबह 11 बजे घटित हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। आगे चल रहे पेट्रोलियम टैंकर की कम दृश्यता के कारण पिकअप चालक समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और तेज रफ्तार पिकअप सीधे टैंकर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 आपात सेवा को सूचना दी। 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को कड़ी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट पहुंचाया।अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक की हालत नाजुक बताई है। समाचार लिखे जाने तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कोहरे के कारण ही चालक टैंकर का अंदाजा नहीं लगा पाया। चुरहट थाना प्रभारी दीपक बघेला ने जानकारी दी कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण घना कोहरा है और मामले की जांच जारी है।
