
भोपाल: पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं से दिसंबर माह में सेवानिवृत्त हुए चार कर्मचारियों को बुधवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने गरिमामय एवं भावभीनी विदाई दी। समारोह के दौरान डीजीपी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पौधे एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं संतोषपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उनके लंबित सेवा संबंधी दावों के निपटारे से जुड़े आदेश भी औपचारिक रूप से प्रदान किए गए।
यह विदाई समारोह नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें विशेष पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अंशुमान सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।
सम्मानित होने वालों में मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) भगवानदास विधानी, कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक (सीआईडी) कल्पना शर्मा मिश्रा, सूबेदार (एम) विशेष शाखा ओम नारायण द्विवेदी एवं प्रधान आरक्षक (एम) विशेष शाखा स्वराजवती वर्मा शामिल थे।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक इरमीन शाह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवा काल पर प्रकाश डाला, जबकि उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी निष्ठा, परिश्रम और पुलिस विभाग में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
