
भोपाल। मध्यप्रदेश पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में नए आयाम गढ़ने जा रहा है। खजुराहो स्थित ऐतिहासिक राजगढ़ पैलेस में ओबेरॉय समूह द्वारा पांच सितारा द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस होटल की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पहल पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इससे न केवल प्रदेश का पर्यटन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक आकर्षक होगा बल्कि रोजगार और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। ओबेरॉय समूह के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को होटल शुभारंभ कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। राज्य सरकार ने नवीनीकरण के बाद इस 350 वर्ष पुराने बुंदेला स्थापत्य धरोहर महल को ओबेरॉय समूह को लीज पर दिया है। हरियाली से घिरे इस होटल में 66 भव्य कक्ष, महलनुमा रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल उपलब्ध होंगे, जो डेस्टिनेशन वेडिंग और कॉर्पोरेट आयोजनों के लिए आदर्श साबित होंगे।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेश को आकर्षित करने के लिए 5 अक्टूबर को गुवाहाटी में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज़ में भाग लेंगे। इसमें फार्मा, चाय, सीमेंट, रिन्यूएबल एनर्जी और कृषि प्रसंस्करण क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की यह पहल मध्यप्रदेश को उत्तर पूर्व के औद्योगिक केंद्रों से जोड़कर निवेश और रोजगार के नए अवसर खोलेगी और राज्य को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और मजबूत करेगी।
