अमर कॉलोनी हत्या मामला : 17 साल के लड़के की गोली लगने से मौत के बाद स्थानीय निवासियों ने किया प्रदर्शन

नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली के छतरपुर एन्क्लेव में मंगलवार को उस समय भारी आक्रोश और मातम छा गया, जब 17 साल के साई कुमार की मौत के बाद परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

साई कुमार को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में सिर में गोली मारी गई थी, जिसके कुछ दिनों बाद उसने दम तोड़ दिया।

बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय निवासी किशोर के अंतिम संस्कार के लिए इकट्ठा हुए और उसके शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। वे न्याय की मांग कर रहे थे और हत्या में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन से इलाके में तनाव फैल गया, जिसके चलते कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

साई कुमार 27 मई से वेंटिलेटर सपोर्ट पर ज़िंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा था। आरोप है कि अमर कॉलोनी में एक खाने की दुकान पर कहासुनी के दौरान उसे गोली मार दी गयी और गंभीर चोटों के कारण सोमवार को उसकी मौत हो गयी।

पीड़ित के परिवार के अनुसार घटना तब शुरू हुई जब युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर साई के साथ मौजूद एक लड़की के साथ बदतमीज़ी की। जब साई ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों में बहस छिड़ गई। आरोप है कि कुछ ही देर बाद आरोपी हथियार लेकर वापस आए और साईं पर हमला किया तथा उसके सिर में गोली मार दी।

मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पहले ही 16 साल के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और एक ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की है। वहीं 17 और 18 साल के दो अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर ली गयी है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे अपनी लड़ाई तब तक जारी रखेंगे जब तक कि इस घटना के लिए ज़िम्मेदार सभी लोगों को सजा नहीं मिल जाती।

Next Post

इंदौर मंडी की आय में गिरावट, दो माह में 1.33 करोड़ रुपये का नुकसान

Wed Jun 3 , 2026
इंदौर: कृषि उपज मंडी समिति, इंदौर की आय में चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती दो महीनों में गिरावट दर्ज की गई है. अप्रैल-मई 2026 के दौरान समिति को 8.94 करोड़ रुपए का वास्तविक मंडी शुल्क प्राप्त हुआ, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह आय 10.27 करोड़ रुपए थी. […]

You May Like