दमोह:जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पटपरा के समीप पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की.इवेंट कर लौट रही कुम्हारी थाना पुलिस ने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े एक राहगीर को देखा और बिना समय गंवाए उसे अस्पताल में भर्ती कराया.जानकारी के अनुसार कटनी निवासी प्रहलाद सिंह, जो मोटरसाइकिल से जमुनिया जा रहे थे, अचानक वाहन फिसलने से सड़क पर गिर गए.
दुर्घटना के बाद वे घायल हालत में सड़क किनारे पड़े रहे और मदद के इंतजार में थे.इसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस टीम की नजर उन पर पड़ी. मौके पर मौजूद आर. नितेंद्र राजपूत, सैनिक पीतम सिंह और पायलट आकाश तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल सुरक्षित तरीके से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारी पहुंचाया.
समय पर मिली चिकित्सा सहायता से घायल की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है.इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस सिर्फ कानून की रक्षक नहीं, बल्कि संकट में जीवन बचाने वाली ताकत भी है. पुलिस के इस मानवीय चेहरे की क्षेत्र में सराहना की जा रही है.
