दुबई, 30 दिसंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो और दुबई स्पोर्ट्स काउंसिल (डीएससी) के अध्यक्ष शेख मंसूर बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई में एक नए सालाना विश्व फुटबॉल पुरस्कार आयोजन के लॉन्च की घोषणा की है। इस घोषणा के समय दुबई के क्राउन प्रिंस, संयुक्त अरब अमीरात के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री, और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मौजूद रहे। यह इवेंट 2026 से शुरू होगा और एकमात्र आधिकारिक सालाना फीफा पुरस्कार समारोह बन जाएगा। इस समारोह में पिछले साल के बेहतरीन खिलाड़ियों, टीमों और इस खूबसूरत खेल की उपलब्धियों को सम्मानित किया जायेगा। यह घोषणा दुबई में चल रहे विश्व खेल सम्मेलन के दौरान की गयी। इसमें फीफा और डीएससी ने नयी साझेदारी की पुष्टि करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा, “हम दुबई के साथ हाथ मिलाकर खुश हैं। यह एक ऐसा शहर है जो फुटबॉल के लिए जीता है और हम इस विश्व स्तरीय इवेंट को विकसित कर रहे हैं। ये विश्व फुटबॉल पुरस्कार सिर्फ एक पुरस्कार समारोह ही नहीं, बल्कि फुटबॉल का जश्न मनाने और मैदान के अंदर और बाहर साल के आधिकारिक शीर्ष खिलाड़ियों को सम्मानित करने का एक तरीका होगा।”
डीएससी के अध्यक्ष शेख मंसूर बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने कहा, “दुबई स्पोर्ट्स काउंसिल का फीफा के साथ एक मजबूत रिश्ता है, जिसके परिणामस्वरूप हाल के दिनों में जियानी इन्फेंटिनो द्वारा दुबई से कई पहलों की घोषणा की गयी है।” उन्होंने कहा, “हमें इस नए समझौते की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जो हमारे बीच निरंतर सहयोग को रेखांकित करता है और वैश्विक फुटबॉल मानचित्र पर दुबई की प्रमुख स्थिति को दिखाता है। यह दुनिया भर में खेल को विकसित करने और अग्रणी पहलों को शुरू करके, उत्कृष्ट व्यक्तियों को सम्मानित करके और प्रमुख कार्यक्रमों की मेजबानी करके दुनिया के सबसे बड़े और सबसे लोकप्रिय खेल के लिए एक उज्जवल भविष्य को आकार देने में दुबई की भूमिका पर भी प्रकाश डालता है।”

