जबलपुर: तैय्यब अली चौक स्थित क्राइस्ट चर्च स्कूल में विगत दिवस बच्चे को सांप काटने का मामला गरमा गया है। शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
छात्रनेता अनुराग शुक्ला व शफी खान ने कहा कि स्कूल में शिक्षकों द्वारा मासूम बच्चों से घास कटवाई जा रही थी जो खुला उल्लंघन है। बरसात के मौसम में जहरीले सांप-कीड़ों का खतरा जानते हुए भी बच्चों को बिना सुरक्षा उपकरण के झाडिय़ों में भेजना आपराधिक लापरवाही है। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चे की जान जोखिम में डाली है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार की घटना अत्यंत गंभीर है। विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।
