इंग्लैंड की डैनी वायट-हॉज बनीं जून 2026 के लिए ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ। उन्होंने T20 वर्ल्ड कप में 302 रन बनाकर ये रिकॉर्डतोड़ इतिहास रचा दिया।
इंग्लैंड की अनुभवी सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज को जून 2026 के लिए आईसीसी (ICC) विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्होंने आईसीसी महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वायट-हॉज ने स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस और भारत की स्पिनर श्री चरणी को पछाड़कर ये सम्मान अपने नाम किया। यह उनके करियर का दूसरा ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है। इससे पहले उन्हें नवंबर 2024 में भी यह सम्मान मिला था।
300 से ज्यादा रन बनाने वाली बनीं पहली महिला खिलाड़ी
डैनी वायट-हॉज ने पूरे टूर्नामेंट में 302 रन बनाए और महिला T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक संस्करण में 300 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी के 2020 में बनाए गए 259 रनों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इस रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के साथ वो टूर्नामेंट की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं।
वायट-हॉज का खेल में शानदार प्रर्दशन
जून महीने में वायट-हॉज ने छह मुकाबलों में 287 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 71.75 और स्ट्राइक रेट 151.85 रहा। श्रीलंका के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में उन्होंने 105 नाॅटआउट रन की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने 219 रन बनाए, जो टूर्नामेंट का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर रहा।
इसके बाद उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 नाॅटआउट रन बनाकर इंग्लैंड को जीत दिलाई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गया और इंग्लैंड ने नॉकआउट में जगह पक्की कर ली।
बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहीं वायट-हॉज
वायट-हॉज की लगातार शानदार बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड ग्रुप स्टेज में अपराजित रहते हुए लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल तक पहुंचा। हालांकि, खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। बावजूद इसके, वायट-हॉज का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।
अवॉर्ड जीतने पर क्या बोलीं वायट-हॉज?
आईसीसी ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुने जाने के बाद डैनी वायट-हॉज ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि घरेलू मैदान पर खेले गए वर्ल्ड कप में ऐसा प्रदर्शन करना और ये सम्मान पाना उनके लिए बेहद खास है।
उन्होंने कहा, ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतकर मैं बेहद खुश हूं, खासकर इसलिए क्योंकि ये प्रदर्शन घरेलू वर्ल्ड कप में आया। लॉर्ड्स में वर्ल्ड कप फाइनल खेलना मेरी और मेरी टीम के लिए हमेशा यादगार रहेगा।’
शानदार फॉर्म जारी रखने पर होगी नजर
जून में रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी और आईसीसी सम्मान जीतने के बाद डैनी वायट-हॉज अब शानदार लय में हैं। इंग्लैंड की अनुभवी ओपनर आने वाली अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखने की कोशिश करेंगी, जबकि उनकी नजर टीम को अगली बड़ी ट्रॉफी दिलाने पर होगी।
