
नई दिल्ली। देश की सियासत में प्रभावशाली माने जाने वाले गांधी परिवार में जल्द ही पारिवारिक उत्सव का माहौल बनने जा रहा है। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी व रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा जीवन की नई पारी शुरू करने की तैयारी में हैं। रेहान अपनी करीबी दोस्त और लंबे समय से रिलेशनशिप में रही अवीवा बेग के साथ जल्द सगाई करने जा रहे हैं।
परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, रेहान और अवीवा पिछले सात वर्षों से एक-दूसरे के साथ हैं। हाल ही में रेहान ने अवीवा को विवाह का प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। इस रिश्ते को दोनों परिवारों की सहमति भी मिल चुकी है। अब जल्द इस रिश्ते को औपचारिक रूप देने की तैयारी है।
सूत्र बताते हैं कि सगाई समारोह राजस्थान में आयोजित किया जा सकता है, जो दो से तीन दिन तक चलने वाला एक निजी और सीमित कार्यक्रम होगा। हालांकि, सगाई की तारीखों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और न ही दोनों परिवारों की ओर से सार्वजनिक बयान सामने आया है।
24 वर्षीय रेहान वाड्रा पेशे से इंस्टॉलेशन और विजुअल आर्टिस्ट हैं। वे डार्क परसेप्शन नामक सोलो एग्जीबिशन के जरिए अपनी पहचान बना चुके हैं। नेचर फोटोग्राफी और यात्रा में गहरी रुचि रखने वाले रेहान लाइमलाइट और राजनीति से दूरी बनाए रखते हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में की, इसके बाद देहरादून और लंदन से उच्च शिक्षा प्राप्त की। सार्वजनिक मंचों पर कम दिखने वाले रेहान के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं।
अवीवा बेग: खेल और कला का संगम
रेहान की होने वाली जीवनसाथी अवीवा बेग का परिवार भी दिल्ली से ताल्लुक रखता है और वाड्रा परिवार के करीबियों में गिना जाता है। अवीवा ने दिल्ली से पढ़ाई करने के बाद मीडिया कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में डिग्री हासिल की है। वे पेशे से फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं। इसके साथ ही अवीवा नेशनल लेवल की फुटबॉलर भी रह चुकी हैं।
अवीवा की फोटोग्राफी प्रदर्शनी यू कैन नॉट मिस दिस और द इल्यूजरी वर्ल्ड को खासा सराहा गया है। उनकी तस्वीरें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रकाशित हो चुकी हैं। रेहान की तरह अवीवा भी नेचर फोटोग्राफी में विशेष रुचि रखती हैं।
कुल मिलाकर, कला, खेल और रचनात्मकता से जुड़े दो युवाओं के इस रिश्ते ने गांधी परिवार में एक नई खुशखबरी जोड़ दी है, जिसका औपचारिक ऐलान अब सभी को बेसब्री से इंतजार करा रहा है।
