वेस्टइंडीज चायकाल तक नौ विकेट पर 361 रन

नयी दिल्ली 13 अक्टूबर (वार्ता) कुलदीप यादव सहित गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को चायकाल तक वेस्टइंडीज के 361 के स्कोर पर नौ विकेट झटकर उसे आसान हार की ओर धकेल दिया है।

शाई होप ने भोजनकाल के बाद अपना शतक पूरा किया। इसके कुछ देर बाद मोहम्मद सिराज ने उन्हें बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। शाई होप ने 214 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के लगाते हुए 103 रनों की पारी खेली। यह शाई होप ने टेस्ट करियर का तीसरा और भारत के खिलाफ यह उनका पहला टेस्ट शतक है। होप के बल्ले से आठ साल के इंतजार के बाद यह शतक आया है। उन्होंने आखिरी बार 2017 में शतक लगाया था।

इसके बाद कुलदीप यादव ने टेविन इमलाक (12), कप्तान रोस्टन चेज (40) और खारी पिएर (शून्य) को अपना शिकार बनाया। वहीं जोमेल वारिकन (तीन) को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड आउट किया। एंडरसन फिलीप (दो) को भी बुमराह ने आउट किया। चायकाल तक वेस्टइंडीज ने नौ विकेट पर 361 रन बना लिये है और उसकी कुल बढ़त 91 रन की हो गई है। जस्टिन ग्रीव्स (नाबाद 35) और जेडेन सील्स (नाबाद 18) क्रीज पर मौजूद है।

इससे पहले वेस्टइंडीज ने कल के दो विकेट पर 173 रनों से आगे खेलना शुरु किया। आज यहां सुबह के सत्र में जॉन कैंपबेल ने छक्का लगाकर अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया। उन्होंने अपने शतक के लिए 174 गेंदों का सामना किया। इस दौरान नौ चौके और तीन छक्के लगाये। इसी के साथ वह 7 साल बाद भारत के खिलाफ सेंचुरी लगाने वाले वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले रोस्टन चेज ने यह कारनामा किया था। 64वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने उन्हें पगबाधा आउटकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 199 गेंदों में 12 चौको और तीन छक्को की मदद से 115 रनों की पारी खेली।लंच के समय तक वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 252 रन बनाये थे

भारत की ओर से कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिले। वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

उल्लेखनीय है कि भारत पहली पारी पांच विकेट पर 518 रन पर घोषित कर दी थी।

 

Next Post

जोशना चिनप्पा ने जीता जापान ओपन का खिताब

Mon Oct 13 , 2025
योकोहामा (जापान) 13 अक्टूबर (वार्ता) दो बार की एशियन चैंपियन भारत की जोशना चिनप्पा ने सोमवार को एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करते हुए जापान ओपन 2025 स्क्वैश टूर्नामेंट में मिस्र की हया अली को हराकर महिला एकल का खिताब अपने नाम किया। आज यहां खेले गये मुकाबले में 39 […]

You May Like