
सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र स्थित गजरा बहरा कोलयार्ड में व्यवस्थाओं से नाराज एक युवक ने गुरुवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए पेड़ पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि युवक कोलयार्ड में फैली समस्याओं और प्रबंधन की लापरवाही से काफी समय से परेशान था। उसका आरोप है कि यहां की अव्यवस्थाओं के कारण स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पेड़ पर चढ़े युवक ने सांसद और विधायक से हस्तक्षेप की मांग करते हुए जल्द समाधान की गुहार लगाई। मौके पर सरई के नायब तहसीलदार भी पहुंच गए हैं और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन युवक को समझाइश देने में जुटा है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
