ताइवान सीमा पर चीनी सैन्य अभ्यास, भारी संख्या में चीनी विमान, नौसेनिक जहाज तैनात

ताइपे, 30 दिसंबर (वार्ता) ताइवान के आसपास के हवाई क्षेत्र और समुद्री क्षेत्र में मंगलवार सुबह तक चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 130 विमान, 14 नौसैनिक जहाज और आठ ‘सरकारी जहाज’ देखे गये हैं। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन विमानों में से 90 विमान ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को पार कर ताइवान के उत्तरी, मध्य, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्रों (एडीआईजेड) में प्रवेश कर गये। इन गतिविधियों के मद्देनजर ताइवान के अधिकारियों ने एक आपातकालीन परिचालन केंद्र स्थापित किया है और वे ‘हाई अलर्ट’ पर हैं। यह ताज़ा गतिविधि चीन द्वारा सोमवार को शुरू किये गये बड़े पैमाने के संयुक्त सैन्य अभ्यास के बीच सामने आई है। ‘जस्टिस मिशन 2025’ कोड नाम वाले इस अभ्यास में सेना, नौसेना और वायु सेना शामिल हैं। चीन का कहना है कि यह अभ्यास ‘ताइवान की स्वतंत्रता’ चाहने वाली अलगाववादी ताकतों और विदेशी हस्तक्षेप के खिलाफ एक चेतावनी है।

चीन के कोस्ट गार्ड ने दो अन्य क्षेत्रों पर अपना दावा किया है, जबकि ताइवानी इंटेलिजेंस के डिप्टी चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ह्सिएह जिह-शेंग ने कहा कि चीन के पांच क्षेत्र ताइवान की 12-नॉटिकल मील (22 किमी) की क्षेत्रीय समुद्री सीमा के भीतर आते हैं। चीन जिन क्षेत्रों में अपने सैन्य अभ्यास कर रहा है, उनमें से एक ताइवान के दक्षिण-पश्चिम में समुद्री सीमा रेखा के बिल्कुल निकट एलुआनबी में स्थित है, जबकि एक अन्य अभ्यास क्षेत्र पेंगहू द्वीपों के एकदम पास में स्थित है। अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुसार, किसी देश का समुद्र क्षेत्र उसके तट से 12 नॉटिकल मील तक फैला होता है और इस सीमा तक के क्षेत्र पर उस देश का अधिकार माना जाता है। ताइवान के ‘ऑपरेशंस और प्लानिंग’ के डिप्टी चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल लिएन चिह-वेई ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 का हवाला देते हुए कहा कि यदि चीनी युद्धपोत ताइवान के क्षेत्रीय जल क्षेत्र में प्रवेश करते हैं, तो ताइवान के पास आत्मरक्षा का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ताइवान की सेना के पास जवाबी उपाय तैयार हैं।

ताइवान ने पीएलए के इन युद्धाभ्यासों की क्षेत्रीय शांति को बिगाड़ने वाले उकसावे की कार्रवाई बताया और कहा कि उनकी जवाबी कार्रवाई जारी है।
यह तनाव तब से और बढ़ गया है जब अमेरिका ने दिसंबर में ताइवान के लिए 11.1 बिलियन डॉलर के हथियारों के पैकेज को मंजूरी दी, जिसके जवाब में चीन ने अमेरिकी रक्षा कंपनियों और उनके अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिए। चीन के थिएटर कमान के प्रवक्ता शी यी ने कहा कि यह अभ्यास ‘ताइवान की स्वतंत्रता’ चाहने वाली अलगाववादी ताकतों तथा बाहरी हस्तक्षेप के खिलाफ एक कड़ी चेतावनी है और चीन की संप्रभुता और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए एक वैध और आवश्यक कार्रवाई है। गौरतलब है कि पीएलए की पूर्वी थिएटर कमांड ने 29 दिसंबर, 2025 को सोशल मीडिया पर सैन्य अभ्यास के लिए एक पोस्टर जारी किया, जिसका शीर्षक एरो आफॅ’ जस्टिस , कंट्रोल एंड डिनायल’ था।

Next Post

पूर्वी प्रशांत महासागर में मादक पदार्थ से भरे जहाज पर अमेरिकी हमले में दो लोगों की मौत

Tue Dec 30 , 2025
वाशिंगटन, 30 दिसंबर (वार्ता) अमेरिकी सेना ने सोमवार को पूर्वी प्रशांत महासागर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मादक पदार्थओं की तस्करी के संदेह में एक जहाज पर हमला किया, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी अमेरिकी दक्षिणी कमान ने दी। अमेरिकी दक्षिणी कमान ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स […]

You May Like