पूर्वी प्रशांत महासागर में मादक पदार्थ से भरे जहाज पर अमेरिकी हमले में दो लोगों की मौत

वाशिंगटन, 30 दिसंबर (वार्ता) अमेरिकी सेना ने सोमवार को पूर्वी प्रशांत महासागर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मादक पदार्थओं की तस्करी के संदेह में एक जहाज पर हमला किया, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी अमेरिकी दक्षिणी कमान ने दी।

अमेरिकी दक्षिणी कमान ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के निर्देश पर, अमेरिकी संयुक्त टास्क फोर्स सदर्न स्पीयर ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नामित आतंकवादी संगठनों द्वारा संचालित जहाज पर घातक सैन्य हमला किया।”

अमेरिकी दक्षिणी कमान ने आगे कहा, “खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई है कि यह जहाज पूर्वी प्रशांत महासागर में मादक पदार्थों की तस्करी के ज्ञात मार्गों से गुजर रहा था और मादक पदार्थों की तस्करी की गतिविधियों में शामिल था। दो पुरुष तस्कर मारे गए। अमेरिकी सेना का कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ।”

पेंटागन ने सितंबर की शुरुआत से अबतक कैरिबियन और पूर्वी प्रशांत महासागर में कथित रूप से मादक पदार्थों से भरे 30 जहाजों को डुबो दिया है, जिनमें सवार कम से कम 107 लोग मारे गए हैं।

कई महीनों से, अमेरिका ने कैरिबियन में, खासकर वेनेजुएला के तट पर, अपनी महत्वपूर्ण सैन्य उपस्थिति बनाए हुआ है, जिसका कथित उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी से लड़ना है। हालांकि अमेरिका के इस दावे को वेनेजुएला ने कराकस में सरकार परिवर्तन के एक छिपे हुए प्रयास के रूप में खारिज कर दिया है।

 

 

 

Next Post

निओलाइट जेडकेडब्ल्यू लाइटिंग्स लायेगी आईपीओ, जुटायेगी 1,200 करोड़ की पूंजी

Tue Dec 30 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) वाहनों के लिए लाइटिंग उत्पाद बनाने वाली कंपनी निओलाइट जेडकेडब्ल्यू लाइटिंग्स ने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) तथा अन्य माध्यमों से 1,200 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की घोषणा की है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि उसने 600 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सेबी के पास […]

You May Like