निओलाइट जेडकेडब्ल्यू लाइटिंग्स लायेगी आईपीओ, जुटायेगी 1,200 करोड़ की पूंजी

नयी दिल्ली, (वार्ता) वाहनों के लिए लाइटिंग उत्पाद बनाने वाली कंपनी निओलाइट जेडकेडब्ल्यू लाइटिंग्स ने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) तथा अन्य माध्यमों से 1,200 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की घोषणा की है।

कंपनी ने सोमवार को बताया कि उसने 600 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज जमा कराये हैं। इसके अलावा वह 400 करोड़ रुपये के नये इक्विटी शेयर जारी करेगी। कंपनी के प्रवर्तक 200 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। इस प्रकार वह कुल 1,200 करोड़ रुपये की पूंजी जुटायेगी।

प्रवर्तकों में राजेश जैन 114 करोड़ रुपये, निओक्राफ्ट ग्लोबल 40 करोड़ रुपये और जेडकेडब्ल्यू समूह 46 करोड़ रुपये की अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वह आईपीओ से पहले प्राथमिकता के आधार पर 75 करोड़ रुपये की विशिष्ट प्रतिभूति जारी करने पर भी विचार कर सकती है।

इस तरह जुटायी गयी पूंजी का इस्तेमाल तमिलनाडु के कांचीपुरम् में प्रस्तावित नयी विनिर्माण इकाई स्थापित करने (अनुमानित लागत 152.51 करोड़ रुपये), मौजूदा संयंत्रों को अद्यतन बनाने (79.08 करोड़ रपये) और मौजूदा 65 करोड़ रुपये के ऋण के आंशिक या पूरी तरह भुगतान के लिए किया जायेगा। शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जायेगी।

निओलाइट जेडकेडब्ल्यू के वर्तमान में तीन संयंत्र हैं। हरियाणा के बहादुरगढ़ में दो और महाराष्ट्र के पुणे में एक संयंत्र है। घरेलू वाहन कंपनियों को आपूर्ति के अलावा 50 से अधिक दूसरे देशों में यह निर्यात भी करती है।

 

 

Next Post

उपार्जन में लापरवाही में एक निलंबित, दो को मिला नोटिस

Tue Dec 30 , 2025
रीवा: जिले भर में निर्धारित खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है. उपार्जन की राजस्व अधिकारियों तथा अन्य अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्रों का भ्रमण करके निगरानी की जा रही है. इस संबंध में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम त्योंथर पीएस […]

You May Like