
ब्यावरा। जिले भर में 200 से अधिक गांवों की बिजली गुल है, विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा शत प्रतिशत बकाया राशि वाले करीब 350 ट्रांसफार्मर की बिजली सप्लाई काट दी है. बिजली नहीं होने से इन ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रकार की परेशानी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार विद्युत वितरण कंपनी द्वारा एक सप्ताह से भारी भरकम बकाया राशि को लेकर बकायादारों के विद्युत कनेक्शन विच्छेद करने की कार्यवाई विभाग की विभिन्न टीमों के द्वारा की जा रही है. विद्युत वितरण कंपनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले भर में विद्युत विभाग द्वारा 350 ट्रांसफार्मर की सप्लाई डिसकनेक्ट किया गया है, इन ट्रांसफार्मर पर लगभग ढाई करोड़ की राशि बकाया होना बताया जा रहा है.
प्रत्येक ट्रांसफार्मर पर हजारों बकाया
जानकारी के अनुसार प्रत्येक ट्रांसफार्मर के ऊपर लगभग 50 हजार रुपये की राशि बकाया है, कई ट्रांसफार्मर पर लम्बे समय से राशि बकाया होना बताई जा रही है.
मलावर क्षेत्र में 40 गांवों की बिजली गुल
मलावर क्षेत्र के 40 गांवों में कुछ दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है, जिसके कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इन गांवों की बिजली बकाया राशि के चलते विद्युत विभाग द्वारा काटी जाना बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा एक सप्ताह से मलावर क्षेत्र में बकाया राशि को लेकर बकायादारों के विद्युत कनेक्शन विच्छेद करने की कार्यवाई विभाग के अमले द्वारा की जा रही है. विद्युत विभाग के अनुसार मलावर ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे 40 गांवों की बिजली विच्छेद की है जहां काफी बड़ी राशि बकाया है. यहां 2 करोड़ रुपये बकाया राशि होना बताया गया है. विभाग के अनुसार मलावर ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे 40 गांवों की बिजली विच्छेद की है जहां काफी बड़ी राशि बकाया है.
समाधान योजना का उठा सकते है लाभ
बड़े बकायादारों को सरचार्ज में राहत देने शासन द्वारा वर्तमान में समाधान योजना लागू की है जिसके प्रथम चरण की अंतिम तारीख 31 दिसम्बर है, विभाग के अनुसार बकायादारा इस अवधि में बकाया राशि जमा कर सरचार्ज की छूट का लाभ ले सकते है. विभाग द्वारा बकायादारों से इस योजना का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है.
जिले के ऐसे शत प्रतिशत लगभग 350 ट्रांसफार्मर की विद्युत सप्लाई डिसकनेक्ट की गई है. इन ट्रांसफार्मर पर लगभग ढाई करोड़ की राशि बकाया है. बकायादार समाधान योजना का लाभ ले सकते है, जिसमें सरचार्ज में राहत मिलेगी.
सुनील कुमार खरे
महाप्रबंधक विद्युत वितरण कंपनी जिला राजगढ़
