धौल गांव में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर की चपेट में आने से 5 वर्षीय बच्ची की मौत

बैतूल। धौल गांव में दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां बच्ची अपने पिता और भाई के साथ बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची थी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची की पहचान दिव्यांशी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दिव्यांशी अपने पिता श्रवण और भाई सुमित के साथ हाट बाजार गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और भीड़ में घुस गया। ट्रैक्टर ने सबसे पहले दिव्यांशी को टक्कर मारी और फिर पास में लगी सब्जी की दुकान में जा घुसा। हादसे में कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

ग्रामीणों और परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बाजार के लिए अलग स्थान तय होने के बावजूद सड़क किनारे हाट बाजार लगाया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने सड़क किनारे बाजार लगाए जाने पर रोक लगाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Next Post

मारपीट का बदला लेने के लिए हुई थी युवक की हत्या 

Thu May 14 , 2026
जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत समता कॉलोनी में मारपीट का बदला लेने की आग में एक युवक की निर्मम हत्या की गई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि समता कॉलोनी निवासी भावेश वीरानी 20 वर्षीय पर अरुण, आयुष और शिव चौधरी ने भावेश पर हमला […]

You May Like