जबलपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र में शातिर जालसाज ने खुद को दिल्ली की कंपनी का डायरेक्टर बताकर एक व्यवसायी को अपना शिकार बनाया और ई-बाइक के व्यापार में मोटे मुनाफे का लालच देकर 7.25 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार जय प्रकाश नगर अधारताल निवासी आलोक जैन (58) की चंडालभाटा स्थित समदडिय़ा अभिनंदन कॉम्प्लेक्स में दुकान नंबर 4 है। दिसंबर 2021 में जय सिंह माहोबिया नाम के व्यक्ति ने खुद को मदनतारा इंडस्ट्रीज (दिल्ली) का डायरेक्टर बताते हुए आलोक की दुकान किराए पर ली थी। 11 महीने का एग्रीमेंट खत्म होने के बाद, जब आरोपी दुकान खाली करने लगा, तब उसने पीडि़त को ठगने की योजना बनाई।
3 प्रतिशत ब्याज और ई-बाइक प्रोजेक्ट का झांसा
आरोपी जय सिंह ने पीडि़त आलोक जैन को झांसा दिया कि उसकी दिल्ली में बड़ी फैक्ट्री है और वह ई-बाइक व बल्ब का नया काम शुरू कर रहा है। उसने कहा कि यदि आप एडवांस पैसे जमा करते हैं, तो हम जल्द माल पहुंचाएंगे। माल लेट होने पर हम 3 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज या फायदा भी देंगे। आरोपी ने पीडि़त का विश्वास जीतने के लिए उसे दिल्ली बुलाकर एग्रीमेंट करने और कंपनी की सील-लेटरपैड दिखाने का भी नाटक किया।
बैंक खातों और नगद के जरिए ऐंठे लाखों
आरोपी की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर आलोक जैन ने 20 अप्रैल 2023 को 2,25,000 नगद दिए। इसके बाद आरोपी ने ई-बाइक प्रोजेक्ट में ज्यादा फायदे का लालच दिया, जिसके चलते पीडि़त ने 20 और 21 अप्रैल को बैंक के माध्यम से 5,00,000 और ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 7,25,000 की रकम ऐंठ ली।
न माल मिला, न पैसे, लोन का लालच देकर भी लगाई चपत
जब पीडि़त ने माल (प्रोडक्ट) की मांग की, तो आरोपी ने 3-4 महीने का वक्त मांगा। शक होने पर जब आलोक ने एग्रीमेंट की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। न तो आरोपी ने बिजनेस के लिए कोई प्रोडक्ट दिया और न ही निवेश की गई राशि वापस की। इसके बाद जय सिंह ने लालच दिया कि उसे लोन मिलने वाला है और उसके पैसे चुकाने का झांसा दिया साथ ही कहा कि प्रोसेसिंग फीस 30,000 की आवश्यकता है। अगर आप मुझे यह राशि देते हैं तो कुछ दिनों में आपका पैसा लोटा दूंगा तब उसने बैंक से तीस हजार रुपये ट्रांसफर किये। अंतत: ठगी का अहसास होने पर पीडि़त ने अब कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीडि़त आलोक जैन की शिकायत पर आरोपी जय सिंह महोबिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
