जबलपुर: जैसे आग में तप कर सोना कुंदन बनता है वैसे ही आप भी यहां तक कड़ी मेहनत करके पहुंचे है। प्रतियोगी परिक्षाओं में जो सफल हुये हैं, सभी को बधाई, जो सफल नहीं हो पायें है निराश न हों, लगन से मेहनत करते रहें सफलता जरूर मिलेगी। यह बातें पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस की अभिनव पहल एसपी की पाठशाला से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित 63 प्रतिभावान अभ्यर्थियों को सम्मानित करते हुए कहीं। उन्होंने सभी की उज्जवल भविष्य की कामना करते हुये प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि हम और प्रयास कर रहें है कि पुलिस परिवार एवं गरीब तपके के ऐसे बच्चें जो प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी कर रहे है सभी को प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी के लिए अच्छा प्लेटफार्म मिले। पुलिस लाईन में संचालित नि:शुल्क कोचिंग एसपी की पाठशाला वर्ष 2020 से संचालित है जिसमें पुलिस परिवार एवं गरीब बच्चों को नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं शारीरिक मैदानी प्रशिक्षण दिया जाता है।
एसपी की पाठशाला के तहत पुलिस लाईन में संचालित नि:शुल्क कोचिंग से प्रतियोगी परीक्षा मध्य प्रदेश पुलिस, अर्धसैनिक बल, बैंक व शिक्षा विभाग में 63 चयनित हुये अभ्यार्थियों को सम्मानित किया गया । वर्ष 2021 में 8 अभ्यार्थी, वर्ष 2022 में 41 अभ्यार्थी, वर्ष 2023 में 32 अभ्यार्थी, वर्ष 2024 में 43 अभ्यार्थी, वर्ष 2025 में 102 अभ्यार्थी, तथा वर्ष 2026 में अब तक 83 अम्यार्थी इस प्रकार वर्ष 2021 से अब तक कुल 309 अभ्यार्थी शासकीय सेवा में चयनित हुये है। एस.पी. की पाठशाला में रानी दुर्गावति विश्वविद्यालय के व्याख्याता डॉ. आशीष यादव द्वारा नागरिक शास्त्र, सहकारिता विभाग के विकास तिवारी द्वारा इतिहास, भारतीय रेल्वे विभाग के कमलेश इंगले द्वारा एडवांस मैथ्स, रेल्वे विभाग के नीलेश इंगले द्वारा रीजनिंग, धारा कम्पनी मे कार्यरत आशीष साहू द्वारा सामान्य अंग्रेजी, रोहित कुशवाह द्वारा अर्थशास्त्र का तथा अंकित चक्रवर्ती द्वारा योगा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अवसर पर एएसपी शहर आयुष गुप्ता, एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य एवं सभी प्रशिक्षक एवं चयनित अभ्यार्थी एवं चयनित अभ्यार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।
