मुंबई में बस ने राहगीरों को टक्कर मारी, चार की मौत, नौ घायल

मुंबई, 30 दिसंबर (वार्ता) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के उपनगरीय इलाके भांडुप रेलवे स्टेशन के बाहर एक रिवर्स कर रही बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बीईएसटी) की बस ने राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बीएमसी की प्रारंभिक खबरों के मुताबिक यह दुर्घटना 29 दिसंबर को 11 बजे रात के आस-पास उस समय घटित हुई, जब विक्रोली डिपो की वेट-लीज्ड इलेक्ट्रिक एसी बस रिवर्स करते समय नियंत्रण खो बैठी और यात्रियों की कतार में घुस गई। मृतकों की पहचान प्रणिता संदीप रसम (35), वर्षा सावंत (25), मानसी मेघश्याम गुरव (49) और प्रशांत शिंदे (53) के रूप में हुई है। घायलों में 12 साल की पूर्वा संदीप रसम भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि प्रशांत दत्ताराम लाड (51) ने मेडिकल सलाह को नहीं मानते हुए अस्पताल को छोड़ दिया। बाकी घायलों में नारायण भीकाजी कांबले (59), मंगेश मुकुंद धुखंडे (53), ज्योति विष्णु शिर्के (55), शीतल प्रकाश हडवे (39), रामदास शंकर रूपे (59), प्रताप गोपाल कोरपे (60), रविंद्र सेवाराम घडिगांवकर (56) और दिनेश विनायक सावंत (59) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि बस चालक संतोष रमेश सावंत (52) को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस और बीईएसटी अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

 

 

Next Post

अमन खान ने खर्च किए 123 रन, पुरुष लिस्ट-ए में सबसे ज़्यादा

Tue Dec 30 , 2025
अहमदाबाद, 30 दिसंबर (वार्ता) पुड्डुचेरी के कप्तान और ऑलराउंडर अमन खान ने विजय हजारे ट्रॉफ़ी मैच में झारखंड के ख़िलाफ अपने 10 ओवर के कोटे में 123 रन लुटा दिए और अब उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। अब यह पुरुषों के लिस्ट-ए मैच का सबसे महंगा […]

You May Like