अमन खान ने खर्च किए 123 रन, पुरुष लिस्ट-ए में सबसे ज़्यादा

अहमदाबाद, 30 दिसंबर (वार्ता) पुड्डुचेरी के कप्तान और ऑलराउंडर अमन खान ने विजय हजारे ट्रॉफ़ी मैच में झारखंड के ख़िलाफ अपने 10 ओवर के कोटे में 123 रन लुटा दिए और अब उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। अब यह पुरुषों के लिस्ट-ए मैच का सबसे महंगा गेंदबाज़ी स्पेल बन गया है।

कुमार कुशाग्र के शतक और अनुकूल रॉय के नाबाद 98 रनों की पारियों के दम पर झारखंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 368 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में पुडुचेरी के केवल तीन गेंदबाज अपना कोटा पूरा कर सके और अमन भी इनमें से एक रहे। हालांकि, उनकी इकॉनमी 12.3 की रही। जवाब में पुडुचेरी की टीम 41.4 ओवर में 235 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई।

इससे पहले पुरुष लिस्ट-ए मैच में सबसे अधिक रन खर्च करने का रिकॉर्ड अरुणाचल प्रदेश के तेज गेंदबाज मिबॉम मोसू के नाम था जिन्होंने इसी महीने इसी टूर्नामेंट में बिहार के ख़िलाफ 116 रन खर्च किए थे। इस मैच को कुछ अन्य कारणों से भी सुर्खियां मिली जिसमें बिहार के वैभव सूर्यवंशी पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे। उन्होंने केवल 14 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की है।

अमन ने 2021 में सौराष्ट्र के लिए अपना लिस्ट-ए डेब्यू किया था, लेकिन बाद में पुड्डुचेरी चले गए थे। हाल ही में उन्हें आईपीएल 2026 ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 40 लाख रूपये में खरीदा था। इससे पहले 2023 सीजन में वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे और उससे पहले 2022 में ही उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ अपना आईपीएल डेब्यू कर लिया था।

 

 

 

 

Next Post

क्विंटन डी कॉक ने सनराइजर्स ईस्टर्न को दिलाई बोनस प्वाइंट वाली जीत

Tue Dec 30 , 2025
ग्केबेर्हा, 30 दिसंबर (वार्ता) सेंट जॉर्ज़ पार्क में सोमवार शाम खेले गए मुकाबले में क्विंटन डी कॉक ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए सनराइजर्स ईस्टर्न केप को प्रिटोरिया कैपिटल्स पर 48 रन की बोनस प्वाइंट वाली जीत दिलाई। इस यादगार जीत के साथ डी कॉक ने ‘ऑरेंज आर्मी’ को जश्न मनाने […]

You May Like