देवमठ शिव-पार्वती मंदिर में तोडफ़ोड

सीधी। जिले के कुसमी जनपद पंचायत के देवमठ वन परिक्षेत्र में स्थित लगभग 200 साल पुराने शिव-पार्वती मंदिर में तोडफ़ोड़ और चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्तियों ने मंदिर को निशाना बनाया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। यह मंदिर बनास नदी के किनारे विजय घाट वघवण्डाधाम के नाम से प्रसिद्ध है। आरोपियों ने मंदिर की ध्वजा उखाड़ दी और शिखर को खंडित कर दिया। परिसर में भी व्यापक तोडफ़ोड़ की गई, जिसमें साधुओं के रुकने वाले कमरे को भी नुकसान पहुंचाया गया। मंदिर से तांबे और पीतल की कीमती धातुएं, गुंबज के हिस्से, तीन तांबे के त्रिशूल और एक घंटा भी चोरी कर लिया गया है। घटना का एक वीडियो सामने आया है। मंदिर के पुजारी विजय पटेल ने बताया कि इस प्राचीन स्थल को वन विभाग से वनाधिकार पट्टा मिला हुआ है। यह मंदिर कुसमी जनपद के 15 गांवों और शहडोल जिले के 15 से 20 गांवों के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर साल बसंत पंचमी पर यहां एक विशाल मेला लगता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ग्रामीणों के अनुसार वर्षों पहले गोकुल यादव नामक चरवाहे को बनास नदी के तट पर भगवान शंकर की मूर्ति मिली थी, जिसके बाद यह स्थान एक धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित हुआ। मंदिर का निर्माण गांव निवासी स्व. सुखदेव गुप्ता ने कराया था। रविवार शाम करीब 4 बजे पुजारी और ग्रामीणों ने लिखित आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

इनका कहना है

पुलिस को आवेदन मिल गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करेगी।

विशाल शर्मा, थाना प्रभारी मझौली

Next Post

महिलाओं के साहस पर खड़ी है कांग्रेस

Mon Dec 29 , 2025
भोपाल: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का निर्माण महिलाओं के साहस, संघर्ष और नेतृत्व से हुआ है। उन्होंने कहा कि अब महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश में महिलाओं के हक और सम्मान की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी। कमजोर वर्ग […]

You May Like