जबलपुर: शहर की सड़कों पर अतिक्रमण और निर्माण सामग्री फैलाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के कड़े निर्देशों के पालन में, संभाग क्रमांक 02 कछपुरा के अंतर्गत आने वाले शारदा चौक क्षेत्र में आज एक बड़ी चालानी कार्रवाई की गई। शारदा चौक स्थित मुख्य मार्ग पर ठेकेदार लकी दुबे द्वारा सड़क पर ही रेत और गिट्टी डालकर रखी गई थी।
इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार के विरुद्ध 10,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान नगर निगम का स्वास्थ्य अमला पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहा। कार्रवाई में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सचिन, स्वास्थ्य निरीक्षक अमन चतुर्वेदी, सुपरवाइजर नरसिंह मूर्ति, प्रशांतराव, अजय बिहुनिया, संतोष महतो आदि उपस्थित रहे।
निगमायुक्त की सख्त हिदायत
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मुख्य मार्गों या सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री (रेत, गिट्टी, ईंट आदि) फैलाकर रखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निगमायुक्त ने सभी संभागों को निर्देश दिए हैं कि शहर की स्वच्छता और सुगम यातायात में बाधा डालने वाले तत्वों पर निरंतर निगरानी रखी जाए और सख्त कार्रवाई की जाए।
