
सीधी। जिले के बहरी थानांतर्गत खुटेली गांव में सोन नदी में नहाते समय 13 वर्षीय बच्चा बह गया। सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा हो जाने से सुबह फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जायेगा। मिली जानकारी के मुताबिक खुटेली गांव निवासी रामकुमार कोल उम्र 13 वर्ष गुरुवार सुबह 11 बजे अपने दोस्तों के साथ समीपी सोन नदी में नहाने गया था। रामकुमार के साथ चार लड़कियां और एक लड़का भी नहा रहा था। सभी बच्चे नदी में छलांग लगाने के बाद बाहर आ गए, लेकिन रामकुमार गहरे पानी में चला गया। फिर सतह पर नहीं दिखा। उसके साथ गई रोशनी कोल ने तुरंत घर जाकर परिवार को सूचना दी।परिजन जब नदी किनारे पहुंचे तो वहां रामकुमार की शर्ट मिली। इससे उसके डूबने की आशंका और बढ़ गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। बहरी थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शाम तक गोताखोरों को बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
