सतना/मैहर :जिले में बकरी चोरी का एक ताजा मामला सामने आया है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी बकरी मालिक को रविवार सुबह हुई। आसपास काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना थाने में दी गई।घटना मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरहिया की है। यहां निवासी विष्णु प्रसाद नटवेरिया ने बताया कि उन्होंने रात में अपनी 17 बकरियों को घर के बाहर बाड़े में बांधकर रखा था, जबकि 9 बच्चे (छोटे बकरे-बकरियां) मकान के अंदर बंधे हुए थे।
सुबह उठकर देखा तो बाहर बंधी सभी 17 बकरियां गायब थीं।पीड़ित के अनुसार वे करीब दो पीढ़ियों से बकरी पालन का काम करते आ रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। चोरी गई बकरियों की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलने पर गांव वालों के साथ बकरी मालिक ने नादन देहात थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
