इंदौर. नेपानगर नगर पालिका परिषद में पदस्थ उपयंत्री प्रकाश बड़वाहे के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है. आरोपी पर ठेकेदार से बिल भुगतान के बदले 4 प्रतिशत कमीशन (लगभग 12 हजार रुपए) मांगने का आरोप है.
शिकायत विकास कापड़े निवासी नेपानगर, जिला बुरहानपुर ने अपने साथी ठेकेदार विजय निम्बोले की सहमति से लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को की थी. शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में विजय निम्बोले को नगर पालिका नेपानगर से वार्ड क्रमांक 4, सण्डे मार्केट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण कार्य का ठेका 4.50 लाख में मिला था. कार्य पूरा होने के बाद नगर पालिका द्वारा 3 लाख का बिल भुगतान किया, जबकि शेष राशि रोक ली गई. आवेदक का कहना है कि उपयंत्री प्रकाश बड़वाहे ने शेष भुगतान जारी करने के लिए चार प्रतिशत कमीशन (12,000) की मांग की थी. लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जो सही पाया. इसके बाद आरोपी प्रकाश बड़वाहे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. मामले की विवेचना निरीक्षक सचिन पटेरिया, लोकायुक्त इंदौर द्वारा की जा रही है.
