इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र के नगीन नगर में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. पतंग उतारने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा 9 साल का बालक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 70 प्रतिशत तक झुलसा गया. करंट लगते ही बच्चा काफी देर तक लाइन से चिपका रहा. धमाके जैसी आवाज और धुआं उठता देख आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर बच्चे को किसी तरह नीचे उतारा और अस्पताल भेजा.
घटना नगीन नगर इलाके की है. यहां रहने वाला 9 वर्षीय मासूम गोविंद गौर बिजली के पोल पर चढ़कर पतंग निकाल रहा था, इसी दौरान उसका हाथ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया. करंट लगते ही जोरदार आवाज हुई और बच्चा पोल पर ही फंस गया. कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही. बाद में लोगों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा और तुरंत वाहन से एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कर लिया गया.
बच्चे के शरीर का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा झुलस चुका है. जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना अस्पताल से चंदन नगर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके की जानकारी ली. पास ही रहने वाले गौरव ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त बच्चे की चीख-पुकार सुनकर लोग बाहर निकले. हाईटेंशन लाइन के कारण उसे छुड़ाने में काफी दिक्कत आई, लेकिन सूझबूझ से जान बचाई जा सकी. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग बच्चे को रेस्क्यू करते नजर आ रहे हैं. हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
