
भोपाल। शाजापुर में 25 से 26 दिसंबर 2025 तक आयोजित 38वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में भोपाल जिले की बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भोपाल टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर प्रदेश में जिले का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता के पहले मैच में भोपाल ने विदिशा टीम को 10 रनों से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल में मेजबान शाजापुर को 1 रन के मुकाबले 3 रन से हराया। सेमीफाइनल में टीकमगढ़ के खिलाफ 2 रन के मुकाबले 7 रन से निर्णायक जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में भोपाल टीम ने इंदौर को 3 रन के मुकाबले 4 रन से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
भोपाल बालक टीम ने कोच लोकेश यादव एवं राजवीर सिंह के कुशल नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत उपलब्धियों में साहिल पासवान को बेस्ट पिचर, शुभम सेन को बेस्ट हिटर तथा बालिका वर्ग में संजना मांगरोल को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
इस अवसर पर जिला सॉफ्टबॉल संघ भोपाल के सचिव दिनेश कुमार टेलर सहित सभी सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों ने भोपाल बालक टीम को इस शानदार जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
