न्यूयॉर्क, 27 दिसम्बर (वार्ता) पश्चिमी सीरिया के शहर होम्स शहर में एक शिया मस्जिद पर हुए आतंकवादी हमले की विश्वभर में निंदा हो रही है। इसमें आठ लोग मारे गये हैं और अन्य 18 घायल हुए हैं। शुक्रवार की नमाज के दौरान होम्स की अली बिन अबी तालिब मस्जिद में हुये विस्फोट की जिम्मेदारी सरया अंसार अल-सुन्ना नामक एक आतंकवादी संगठन ने ली है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की ओर से प्रवक्ता ने एक बयान जारी किया गया। बयान में बम विस्फोट की निंदा की गयी है और कहा, “महासचिव दोहराया कि नागरिकों और धार्मिक स्थलों पर हमले अस्वीकार्य हैं। वह इस बात पर जोर देते हैं कि जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।” फ्रांस ने भी इस ‘घिनौने आतंकवादी कार्रवाई’ की कड़ी निंदा की और इसे सीरिया को अस्थिर करने और वहां की अंतरिम सरकार को कमजोर करने की जानबूझकर की गयी कोशिश बताया। पश्चिम एशियाई देशों और क्षेत्रीय संगठनों ने भी होम्स शहर के मस्जिद में हुये विस्फोट की निंदा की है। सऊदी अरब ने आतंकवाद, कट्टरता, मस्जिदों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने तथा निर्दोषों को आतंकित करने की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है और ‘बड़ी त्रासदी’ के समय सीरिया के साथ एकजुटता जतायी। संयुक्त अरब अमीरात ने बयान जारी कर इन ‘आतंकवादी कृत्यों की कड़ी निंदा’ की और हर तरह की हिंसा और आतंकवाद को स्थायी रूप से खारिज कर दिया, जिसका उद्देश्य सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करना हो।
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने हमले की निंदा करते हुए आतंकवाद से लड़ने में फिर से सीरिया का समर्थन किया। साथ में, स्वतंत्रता और लोकतंत्र पर आधारित देश के निर्माण के प्रयासों में सहायता जारी रखने का आश्वासन दिया। जॉर्डन ने हमले की निंदा की और सीरियाई जनता तथा प्रशासन के साथ एकजुटता जतायी और सभी प्रकार की हिंसा और आतंकवाद को धत्ता दिया। तुर्की ने मस्जिद पर हुए बम हमले को एक घिनौना अपराध बताया और इस हमले की कड़ी निंदा की। कतर, इराक समेत फारस की खाड़ी सहयोग परिषद के विदेश मंत्रियों ने भी इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। सराया अंसार अल-सुन्ना ने सीरिया में और हमलों की धमकी दी है। यह समूह एक वर्ष पहले पूर्व सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद उभरा था और जून में दमिश्क में एक चर्च पर हुए हमले की ज़िम्मेदारी भी ले चुका है। अंतरिम सीरियाई सरकार के विदेश मंत्रालय ने होम्स हमले को कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया और इसे मानवीय और नैतिक मूल्यों पर खुला हमला बताया। मंत्रालय ने कहा कि यह सीरिया को अस्थिर करने और सीरियाई जनता के धैर्य एवं दृढ़ता को कमजोर करने के लिए किए जा रहे हताश प्रयासों को दर्शाता है।

