भोपाल: राजधानी में मेट्रो परियोजना धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। इसी कड़ी में हाल ही में दो नई मेट्रो ट्रेनें शहर पहुंच गई हैं, जिन्हें सुभाष नगर स्थित मेट्रो डिपो में रखा गया है। इन ट्रेनों के आने से भोपाल मेट्रो के बेड़े की कुल संख्या अब बढ़कर 10 हो गई है।जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में आठ ट्रेनें पहले ही भोपाल पहुंच चुकी थीं। फिलहाल इनमें से दो ट्रेनें ही ट्रैक पर परीक्षण और सीमित संचालन में लगी हुई हैं, जबकि अन्य ट्रेनें डिपो में रखी गई हैं।
मेट्रो प्रबंधन के मुताबिक नई ट्रेनों को सेवा में शामिल करने से पहले उनका विस्तृत तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा जांच की जाती है, जिसके कारण सभी ट्रेनों को तुरंत परिचालन में नहीं उतारा जाता।परियोजना के तहत ऑरेंज लाइन और ब्लू लाइन के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है। मेट्रो प्रबंधन का लक्ष्य ऑरेंज लाइन का वाणिज्यिक संचालन शुरू करना और ब्लू लाइन को जून 2028 तक चालू करना है, जिससे शहर के अधिक हिस्सों को मेट्रो सेवा से जोड़ा जा सके।
भोपाल मेट्रो के लिए कुल 27 ट्रेनों का निर्माण वडोदरा स्थित प्लांट में किया जा रहा है। इनमें से 10 ट्रेनें अब तक भोपाल पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष ट्रेनें चरणबद्ध तरीके से लाई जाएंगी। वर्तमान में तीन कोच वाली ये अत्याधुनिक ट्रेनें ड्राइवरलेस मोड पर चलने में सक्षम हैं और ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम से लैस हैं। भविष्य में यात्री संख्या बढ़ने पर इन्हें छह कोच तक बढ़ाया जा रहा है।
