सिंगरौली:जिले के मोरवा–चितरंगी मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार ने जानलेवा रूप दिखाया। मोरवा से चितरंगी की ओर जा रही जयसवाल बस को बसनिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक (क्रमांक MP 19 HA 4850) अत्यधिक गति में था और नियंत्रण खो बैठा। सामने से आ रही बस को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस भीषण हादसे में बस चालक, ट्रक चालक सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों में 14 वर्षीय बालिका ज्योति यादव पिता रामलालन यादव गंभीर रूप से घायल हुई है, जबकि मुकेश केवट पिता बिषेशर केवट (27 वर्ष) समेत अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है, लेकिन लगातार हो रहे ऐसे हादसे प्रशासनिक सतर्कता पर गंभीर सवाल छोड़ जाते हैं।
