समय सीमा निकलने के बावजूद पूरे नहीं हो पाए फ्लाई ओवर

इंदौर: दिनोंदिन चरमराती यातायात व्यवस्था और किसी भी वक्त लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए शहर में कई फ्लाई ओवर का निर्माण किया गया और वर्तमान में कई फ्लाई ओवर का निर्माण जारी भी है. लेकिन, इनमें कुछ ऐसे निर्माण हैं, जो समय सीमा निकलने के बावजूद पूरे नहीं हो पाए हैं. इन अधूरे निर्माण कार्य की वजह से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

मूसाखेड़ी पूर्व रिंग रोड चौराहे पर भी एक विशाल फ्लाई ओवर का कार्य प्रगति पर है. वर्तमान स्थिति में देखा जाए तो इसका 50 प्रतिशत कार्य ही हुआ है, जबकि इस कार्य को आरंभ हुए करीब डेढ़ वर्ष से ज्यादा हो चुके हैं. जानकारी के अनुसार इस कार्य को वर्ष 2025 के दिसंबर या वर्ष 2026 के जनवरी-फरवरी माह में पूरा हो जाना था, लेकिन बताया जाता है कि ब्रिज के निर्माण पूरा होने में तकरीबन एक वर्ष और लगेगा.

धीमी गति से कार्य होने पर आम जनता को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. फ्लाई ओवर के आसपास सर्विस रोड पर सुबह से लेकर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है. इसी मार्ग से दिन भर सैकड़ों यात्री बसों का आना-जाना रहता है. जाम के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है. राहगीरों के साथ -साथ आसपास के रहवासी भी मंद गति से चल रहे इस कार्य से तंग आ चुके हैं.

यह बोले रहवासी
सर्विस रोड पर जगह बहुत सकरी है सैकड़ों बसें और हजारों वाहन रोज यहां से गुजरते हैं, जिसके कारण सुबह से लेकर शाम तक कई बार जाम लग जाता है. जाम के कारण यहां का व्यापार प्रभावित हुआ है.
– चंद्र सिंह चौहान

कई जगह गड्ढे हैं. कई बार रिक्शा और बाइक उसमें गिर जाते हैं और लोग घायल होते रहते हैं. कई बार तो वे गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं और अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है. एक लडक़े का तो पैर ही टूट गया, वाहनों में भी टूट-फूट होती रहती है.
– कमला बाई

ब्रिज कार्य के कारण पूरा यातायात यहां से निकलता है, क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं. महिलाएं निकल नहीं सकतीं, बच्चे स्कूल जाते हैं, वे भी असुरक्षित हैं, चलने तक की जगह नहीं मिलती.
– मंगी बिलवे

Next Post

डेली कॉलेज बिजली कार्यालय पर कांग्रेस का प्रदर्शन, स्मार्ट मीटर के नाम पर धोखाधड़ी बंद हो

Sat Dec 27 , 2025
इंदौर: पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के डेली कॉलेज कार्यालय पर आज कांग्रेस ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने जनता पर स्मार्ट मीटर जबरन लगाने, ज्यादा बिल आने की समस्या हल करने के लिए ज्ञापन सौंपा ।शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और […]

You May Like