मुख्य सचिवों के दो दिन के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे मोदी

नयी दिल्ली 26 दिसम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को यहां मुख्य सचिवों के दो दिन के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। यह सम्मेलन राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं पर आधारित और सतत संवाद के माध्यम से केंद्र-राज्य साझेदारी को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सहकारी संघवाद के दृष्टिकोण पर आधारित यह सम्मेलन एक ऐसे मंच के रूप में कार्य करता है जहां केंद्र और राज्य देश की मानव शक्ति क्षमता को बढाने करने तथा समावेशी भविष्य के लिए तैयार विकास को गति देने के लिए एक एकीकृत प्रारूप तैयार करने के लिए सहयोग करते हैं। सम्मेलन में एक साझा विकास एजेंडा को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। यह सम्मेलन भारत की जनसंख्या को केवल जनसांख्यिकीय लाभांश के रूप में देखने के बजाय नागरिकों को मानव शक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए सहयोगात्मक कार्रवाई का आधार तैयार करेगा। इसके लिए शिक्षा प्रणालियों को मजबूत करने, कौशल विकास पहलों को आगे बढ़ाने और देश भर में भविष्य के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन करने के लिए ठोस रणनीति विकसित की जाएंगी। केंद्रीय मंत्रालयों , विभागों, नीति आयोग, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों के बीच व्यापक विचार-विमर्श के आधार पर, पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य विषय ‘विकसित भारत के लिए मानव शक्ति’ होगा, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा अपनाई जाने वाली सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों और रणनीतियों को शामिल किया जाएगा। इस व्यापक विषय के अंतर्गत, पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष बल दिया जाएगा जिनमें प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा, स्कूली शिक्षा, कौशल विकास, उच्च शिक्षा, खेल और पाठ्येतर गतिविधियां शामिल हैं। राज्यों में विनियमन में ढील, शासन में प्रौद्योगिकी, अवसर, जोखिम और शमन, स्मार्ट आपूर्ति श्रृंखला और बाजार संबंधों के लिए एग्रीस्टैक, एक राज्य, एक विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल, आत्मनिर्भर भारत नक्सलवाद के बाद भविष्य की योजनाएं जैसे विषयों पर छह विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पांडुलिपि संरक्षण एवं डिजिटलीकरण तथा सभी के लिए आयुष-प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा वितरण में ज्ञान का एकीकरण जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। मुख्य सचिवों का राष्ट्रीय सम्मेलन पिछले चार वर्षों से प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है। इसका पहला सम्मेलन जून 2022 में धर्मशाला में आयोजित किया गया था। इसके पश्चात यह सम्मेलन जनवरी 2023, दिसंबर 2023 और दिसंबर 2024 में राजधानी दिल्ली में आयोजित किया गया। सम्मेलन में सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ और अन्य गणमान्य उपस्थित रहेंगे।

Next Post

साहिबजादे देश का गौरव, हर भारतीय को उनसे ताकत और प्रेरणा मिलती है: मोदी

Fri Dec 26 , 2025
नयी दिल्ली 26 दिसम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माता गुजरी, गुरु गोविंद सिंह और चारों साहिबजादों की वीरता को देश का गौरव बताते हुए कहा है कि इनके आदर्श आज भी हर भारतीय को ताकत और प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य बच्चों और युवाओं से […]

You May Like