
देवास। सतवास में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दिनभर चले बवाल के बाद देर शाम हुई मारपीट और हवाई फायर की घटना में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। सतवास थाना पुलिस ने नारायण सोनी और उनकी पत्नी रानी सोनी को नामजद करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी निखिल राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 दिसंबर की शाम नारायण सोनी ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि रानी सोनी ने लोगों को भयभीत करने के उद्देश्य से हवाई फायर किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 125, 296(बी), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कन्नौद ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन ने बताया कि हवाई फायर में प्रयुक्त हथियार की वैधता की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सतवास क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सतर्कता के साथ तैनात किया गया है।
