नयी दिल्ली (वार्ता) दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने मंगलवार को कहा कि ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के तहत देशभर में एक हजार से अधिक खेलो इंडिया केंद्र स्थापित किए गए हैं और यह योजना जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उनके लिए वरदान बन गई है।
श्री सिंह ने आज यहां तालकटोरा स्टेडियम में दिल्ली ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित दिल्ली खेल 2025 के समापन समारोह खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में खेलों के बजट में तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इस बजट का एक बड़ा हिस्सा खेल अवसंरचना के विकास और आधुनिक सुविधाओं के निर्माण में निवेश किया गया है। ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के तहत देशभर में एक हजार से अधिक खेलो इंडिया केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह योजना जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उनके लिए वरदान बन गई है। खेलो इंडिया से पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली खेल 2025 ने राजधानी में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस आयोजन ने दिल्ली को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है।
