
इंदौर. खजराना थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. युवती एक सप्ताह पहले दोस्त के पास रहने आई थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सांईकृपा कॉलोनी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती का शव देर रात फंदे पर लटका मिला. घटना के बाद युवती का दोस्त उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से सूचना मिलने पर खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे एमवाय अस्पताल से सूचना मिली थी कि 22 वर्षीय जागृति कर्मा को उसका दोस्त हर्ष पुत्र रोहित मिश्रा अस्पताल लेकर आया है. हर्ष ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9 बजे उसने जागृति को कमरे में फंदे पर लटका हुआ देखा था. पुलिस जांच में सामने आया है कि जागृति उज्जैन के एमआईटी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और मूल रूप से रीवा की रहने वाली थी. वह एक सप्ताह पहले इंदौर में अपने दोस्त के पास रहने आई थी. युवक मूल रूप से देवास का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, प्रकरण में जांच की जा रही है. पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है. बताया जा रहा है कि युवती के पिता शिक्षक हैं और परिवार में एक बहन और एक भाई है. फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज नहीं किए हैं. पुलिस युवक से विस्तार से पूछताछ कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है.
