इंदौर: क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत परदेशीपुरा इलाके के हिस्ट्रीशीटर बदमाश सुमित उर्फ सरदार धनुक (25) को पकड़कर उसके कब्जे से 13.89 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।पुलिस के मुताबिक आरोपी को राजकुमार सब्जी मंडी रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास संदिग्ध हालत में पकड़ा गया।
वह भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह स्वयं नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर महंगे दामों पर शहर में बेचता था।बताया गया है कि सुमित पहले भी करीब एक दर्जन अपराधों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 148/25 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
