इंदौर: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है. शहर में नशे के सौदागरों पर नजर रखते हुए टीम ने गांजा लेकर घूम रहे एक युवक को धर दबोचा.एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि पत्थर गोदाम रोड स्थित पशु चिकित्सालय के सामने एक दोपहिया वाहन पर थैला लिए एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. पुलिस को देखकर वह घबरा गया, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया.
पूछताछ में उसने अपना नाम श्यामनाथ उर्फ शंभू निवासी इंदौर बताया. तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ. जब्त गांजे का वजन करीब 2 किलो 30 ग्राम पाया. जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 60 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि गांजा, थैला और दोपहिया वाहन मिलाकर जब्त माल की कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए से अधिक बताई जा रही है.
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और दिहाड़ी पर काम करता है. उसने यह भी स्वीकार किया कि वह सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचने की फिराक में था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
