Nagma Birthday: नगमा के 51वें जन्मदिन पर जानिए उनकी अनसुनी कहानी। 16 साल की उम्र में सलमान खान के साथ ‘बागी’ से डेब्यू कर नगमा ने कैसे बॉलीवुड, साउथ और भोजपुरी सिनेमा पर राज किया।
फिल्म इंडस्ट्री में बहुत कम ऐसे चेहरे होते हैं, जो इतनी कम उम्र में शोहरत की ऊंचाई तक पहुंच जाते हैं कि लोग उन्हें सालों तक याद रखते हैं। 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री नगमा भी उन्हीं नामों में शामिल हैं। उनकी पहचान सिर्फ एक सफल अभिनेत्री के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसी लड़की के रूप में भी बनी, जिसने बेहद कम उम्र में स्टारडम हासिल किया। नगमा का जन्म 25 दिसंबर 1974 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम नंदिता अरविंद मोरारजी है।
बहुत कम लोग जानते हैं कि जब नगमा ने सलमान खान के साथ अपनी डेब्यू फिल्म ‘बागी: अ रिबेल ऑफ लव’ साइन की थी, तब उनकी उम्र महज 16 साल थी। उनकी मां ने ही उन्हें अभिनय की दुनिया में आने के लिए प्रेरित किया। साल 1990 में जब यह फिल्म रिलीज हुई, तो 16 साल की नगमा का स्क्रीन पर आत्मविश्वास, मासूमियत और खूबसूरती दर्शकों को खूब पसंद आई। ‘बागी’ उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई और नगमा रातोंरात स्टार बन गईं।
