लंदन, (वार्ता) इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) नशे की हालत में होटल वापस जाने का रास्ता ढ़ूंढने में असमर्थ बल्लेबाज बेन डकेट के सोशल मीडिया मंच एक्स पर वायरल वीडियों की जांच करेगा। यह घटना दूसरे और तीसरे एशेज टेस्ट के बीच नोसा में टीम के मिनी-ब्रेक के दौरान की बताई जा रही है।
डकेट का यह वीडियो मंगलवार को सामने आया। इंग्लैंड टीम के कार्यकारी निर्देशक रॉब की के इस बात की पुष्टि करने के कुछ ही घंटों बाद कि सनशाइन कोस्ट के रिसॉर्ट टाउन की इस यात्रा की जांच की जाएगी। यह यात्रा ब्रिस्बेन में आठ विकेट की हार के बाद हुई थी, जिससे इंग्लैंड सीरीज में 2-0 से पीछे हो गया था। नोसा में चार दिन, जिसे ईसीबी ने छुट्टी नहीं बताया, मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने एक साल पहले ही तय किए थे। उनका मानना था कि इससे खिलाड़ी तरोताज़ा होंगे। इस दौरान टीम के लिए कोई अभ्यास सत्र नहीं था और कई खिलाड़ियों ने इस समय का भरपूर इस्तेमाल किया।
हालांकि, एडिलेड में इंग्लैंड ने इस दौरे का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, फिर भी उन्हें 82 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त लेकर मात्र 11 दिनों के भीतर एशेज अपने नाम कर लिया। मेलबर्न में शुक्रवार से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट से पहले की ने कहा कि वह इस यात्रा की जांच करेंगे, लेकिन उनका मानना है कि खिलाड़ी ‘काफी हद तक अच्छे व्यवहार में’ थे।
ईसीबी की ओर जारी एक बयान में कहा गया, “हमें सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी है। हम व्यवहार को लेकर ऊंचे मानक रखते हैं। यह स्वीकार करते हुए कि खिलाड़ी अक्सर कड़ी निगरानी में रहते हैं। जब आचरण अपेक्षाओं से नीचे जाता है, तो हमारे पास स्थापित प्रक्रियाएं हैं। हम उन खिलाड़ियों का भी समर्थन करते हैं जिन्हें सहायता की जरूरत होती है। तथ्यों की पुष्टि होने तक हम इस स्तर पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।”
इंग्लैंड के अपेक्षाकृत भरोसेमंद बल्लेबाजो में से एक रहे डकेट के लिए यह एशेज सीरीज मुश्किल रही है। तीन टेस्ट में 16.16 की औसत से मात्र 97 रन बनाकर वह मेहमान टीम के विशेषज्ञ बल्लेबाजों में दोनों ही मानकों पर सबसे नीचे रहे, उनका सर्वोच्च स्कोर 29 रहा। 31 वर्षीय डकेट का एशेज दौरों में पहले भी विवादों से नाता रहा है। आठ साल पहले, 2017-18 सीरीज के लिए लायंस स्क्वॉड का हिस्सा रहते हुए, उन्हें पर्थ के एवेन्यू बार में जेम्स एंडरसन पर ड्रिंक उड़ेलने के मामले में ईसीबी द्वारा जुर्माने और निलंबन के साथ घर भेज दिया गया था।
