
निवास। थाना निवास पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक को मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस की तत्परता और गंभीरता से की गई कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार 27 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे विद्यालय में पदस्थ शिक्षक ने छात्रा को जबरन गले लगाकर अशोभनीय व्यवहार किया। छात्रा ने इसकी शिकायत थाना निवास में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया। एसडीओपी निवास के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल मंडला भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वर्षा पटेल, सहायक उप निरीक्षक अरुण आर्मो, आरक्षक रोहित कुमार कुशवाहा, हरवंश ठाकुर, सुरेश भटेरे, सूर्यचंद बघेल और अजय यादव की विशेष भूमिका रही।
