
सीधी । कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार जिले में संचालित धान उपार्जन केन्द्रों का राजस्व विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, उपायुक्त सहकारिता विभाग, मध्यप्रदेश स्टेट वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पाेरेशन तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपार्जन कार्य में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित केन्द्र प्रभारियों, ऑपरेटरों एवं समिति प्रबंधकों के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है, उनमें सुभाष बहादुर सिंह उपार्जन केन्द्र प्रभारी बड़खरा, ध्रुव सिंह कम्प्यूटर ऑपरेटर बड़खरा, शैलेन्द्र सिंह सेवा सहकारी समिति चौफाल, दिवाकर सिंह उपार्जन केन्द्र प्रभारी चौफाल केन्द्र क्र.2 पटेहरा-सैरपुर, सोनाली पाण्डेय ऑपरेटर, ज्ञानेन्द्र सिंह उपार्जन केन्द्र प्रभारी मड़वास, रविदीप त्रिपाठी ऑपरेटर मड़वास, ब्रिजेन्द्र सिंह चौहान समिति प्रबंधक कमर्जी, आशीष सिंह उपार्जन केन्द्र प्रभारी कमर्जी, उमेश कुमार गौतम ऑपरेटर कमर्जी, पूजा देवी पटेल उपार्जन केन्द्र प्रभारी सोनपरी महिला स्व-सहायता समूह लकोड़ा-कुस्परी तथा पूजा पटेल ऑपरेटर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले में परिवहन कार्य अपेक्षा से कम पाए जाने पर सूर्य प्रकाश द्विवेदी, परिवहनकर्ता जिला सीधी को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। इसी क्रम में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अमरवाह, जेएसओ राजेश कुमार सिंह द्वारा गांधीग्राम, सहकारिता निरीक्षक मूलचन्द्र गुप्ता द्वारा कमर्जी एवं लकोड़ा तथा एफसीआई गुणवत्ता निरीक्षक द्वारा टिकरी खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया गया, जहां व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान उपार्जन कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
