
उज्जैन। ग्राम घोंसला से मंगलवार दोपहर को जहरीला पदार्थ खाने के बाद विवाहिता को बेहोशी की हालत में पड़ोस में रहने वाली महिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। रात में विवाहिता की मौत हो गई। बुधवार सुबह मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
राघवी थाना क्षेत्र के ग्राम घोसला की रहने वाली पूजा पति दीपक पाटीदार 32 वर्ष दो बच्चों की मां थी और 10 वर्ष पहले उसका विवाह हुआ था। मंगलवार दोपहर पड़ोस में रहने वाली संगीता उसे बेहोशी की हालत में चरक अस्पताल लेकर पहुंची थी जहां डॉक्टरों ने जहरीला पदार्थ खाना बात कर उपचार के लिए भर्ती किया, लेकिन रात में पूजा की मौत हो गई। खबर मिलने पर पूजा के मायके माकड़ोन से परिजन उज्जैन अस्पताल पहुंचे। मां कलाबाई ने बताया कि पूजा की जहर खिलाकर हत्या की गई है। पूजा ने फोन लगा कर बताया था कि पति और ससुर निर्भय सिंह मारपीट कर रहे हैं। फोन पर हुई बातचीत के दौरान पूजा के ससुराल वालों से बातचीत करने की बात कही गई थी इसके बाद पूजा का फोन नहीं आया। उसकी मौत होने के बाद उन्हें जानकारी मिली। पूजा दो बच्चों की मां थी उसका एक बेटा मामा के साथ माकड़ोन में रहता है। पति नशा करने का आदी है आए दिन मारपीट करता था। पूजा का पोस्टमार्टम अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा कराया गया है। मामले की जांच संबंधित थाना पुलिस को सौंपी जाएगी।
