
इंदौर. शहर में एक मां की क्रूरता सामने आई, जिसने अपने नवजात को यूरिया खाद की बोरी में डालकर कचरे के पास छोड़ दिया. आसपास के लोगों ने रोते बच्चे की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया.
घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के प्रजापत नगर वार्ड नंबर 85 में हुई. पार्षद कार्यालय के पास गली में कचरे के बीच एक यूरिया खाद की थैली रखी थी. परसों रात वहां से गुजर रहे लोगों ने थैली से बच्चे के रोने की आवाज सुनी और देखा कि कंबल में लिपटा नवजात बच्चा रो रहा है. तुरंत डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की निगरानी में बच्चा फिलहाल स्वस्थ है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर उस मां की तलाश कर रही है, जिसने ठंड में लाल कंबल में लिपटा बच्चा खाद की बोरी में डालकर छोड़ दिया.
