विधायक की टिप्पणी से सियासी घमासान, भाजपा निकालेगी जनाक्रोश रैली

सौसर। पांढुरना में किसान आंदोलन के दौरान सौसर के कांग्रेसी विधायक विजय चौरे द्वारा पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ एवं उनके परिवार के विरुद्ध की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने क्षेत्र में एक बड़े राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। इस टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को तहसील मुख्यालय पर आयोजित भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विधायक की “गुंडागर्दी” और “नकारात्मक राजनीति” के खिलाफ एक विशाल ‘जनाक्रोश रैली कल शुक्रवार को निकाली जाएगी।

​भाजपा की लोकप्रियता से विधायक की खिन्नता: संदीप मोहोड़

​भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे पूरी तरह विचलित और खिन्न हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक लगातार अनर्गल और अमर्यादित बयानबाजी कर सौसर जैसे शांतिप्रिय क्षेत्र के वातावरण को दूषित करने का प्रयास कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “विधायक की यह नकारात्मक सोच और भाषा शैली क्षेत्र की जनता के लिए अपमानजनक है। भाजपा इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और उनकी इस असलियत को जनता के बीच लेकर जाएगी।”

​विधायक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही मांग, दर्ज होगा मानहानि का केस

​बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सौसर में विधायक की “गुंडागर्दी” को कतई चलने नहीं दिया जाएगा। कल शुक्रवार को जनाक्रोश रैली के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विधायक के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

​’नवभारत’ से विशेष चर्चा करते हुए संदीप मोहोड़ ने एक और बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि विजय चौरे द्वारा मोहोड़ परिवार और भाजपा के खिलाफ बार-बार किए जा रहे व्यक्तिगत हमलों को देखते हुए, पार्टी अब कानूनी कदम उठाने जा रही है। विधायक के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी भी अंतिम चरण में है।

​प्रमुख बिंदु जिन पर गरमाया विवाद:

​किसान आंदोलन का मंच: विवाद की शुरुआत जिला मुख्यालय पांढुरना में आयोजित किसान आंदोलन के दौरान हुई।

​व्यक्तिगत टिप्पणी: विधायक पर आरोप है कि उन्होंने पूर्व मंत्री के परिवार को लेकर अमर्यादित भाषा का उपयोग किया।

​बहरहाल राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम ने आने वाले दिनों में क्षेत्र की राजनीति को और अधिक तीखा कर दिया है। अब सभी की नजरें भाजपा की प्रस्तावित रैली और उस पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

Next Post

बीएचईएल में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई विदाई

Wed Dec 24 , 2025
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल के प्रशासनिक भवन में एक सादे समारोह का आयोजन कर अधिकारी (नर्स) सुनीता सिंह तथा पाँच पर्यवेक्षकों को सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने भाग लिया और संगठन के साथ उनके लंबे सेवाकाल के […]

You May Like