भिंड: जिले के रावतपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोला गांव में प्रेम विवाह को लेकर उपजा विवाद हिंसक रूप ले बैठा. लड़की के परिजनों ने प्रेम विवाह से नाराज होकर प्रेमी के घर पर धावा बोल दिया. हमलावरों ने घर के बाहर फायरिंग की और वहां खड़ी स्पलेंडर बाइक में आग लगा दी, जिससे बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई. जानकारी के अनुसार, स्वामी शरण दुबे अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपने घर पहुंचे ही थे कि तभी 7 से 8 लोग वहां आ धमके और घर को चारों ओर से घेर लिया.
अचानक हुए इस हमले से दंपती घबरा गए. जान का खतरा देखते हुए स्वामी शरण दुबे ने पत्नी के साथ घर के भीतर खुद को बंद कर लिया और छिपकर अपनी जान बचाई.
आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. इसके बाद बाहर खड़ी स्पलेंडर बाइक में आग लगा दी गई. देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी. आगजनी और फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई, ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही रावतपुरा थाना पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची. पुलिस ने हालात को संभालते हुए घर के भीतर फंसे स्वामी शरण दुबे को सुरक्षित बाहर निकाला है.
