मुर्मु, मोदी ने गांधी जयंती पर बापू को राजघाट पर दी श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर शुक्रवार को उनके समाधि स्थल राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीमती मुर्मु और श्री मोदी ने इस दौरान वहां आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि सभी नागरिकों की ओर से वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 157वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन करती हैं। उन्होने कहा कि गांधीजी के जीवन और आदर्शों का विश्व समुदाय व्यापक रूप से सम्मान करता है। आज दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष का वातावरण है, जिसका प्रभाव सभी देशों पर पड़ रहा है। ऐसे समय में महात्मा गांधी का शांति और अहिंसा का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। इस यात्रा में सहानुभूति और समावेश के मूल्यों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि कोई भी नागरिक विकास के लाभों से वंचित न रहे। यह दृष्टि महात्मा गांधी के ‘सर्वोदय’ के आदर्श की भावना को दर्शाती है, जो सभी के कल्याण और उत्थान के सिद्धांत पर आधारित है।

श्रीमती मुर्मु ने कहा कि गांधी जयंती के शुभ अवसर पर सभी को नैतिक आचरण और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सशक्त, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरानी चाहिए।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर बापू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पूज्य बापू का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का ऐसा प्रकाशस्तंभ है, जो हर युग में मानवता का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक उदधृत करते हुए उसमें कहा, “अद्वेष्टा सर्वभूतानां मैत्रः करुण एव च। निर्ममो निरहङ्कारः समदुःखसुखः क्षमी॥”

प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि बापू का शाश्वत संदेश हमें बेहतर समाज और विकसित भारत की दिशा में निरंतर मार्गदर्शन देता रहे। उन्होंने इसके साथ गांधीजी के विभिन्न रूपों को दर्शाने वाली तस्वीर साझा की, जिसमें ‘अहिंसा, आस्था, साहस, सेवा और सत्य’ का उल्लेख है।

श्री मोदी ने इसके साथ ही एक वीडियो संदेश में कहा “दो अक्टूबर का महत्व हमारे लिए क्या है, इसे राष्ट्र का बच्चा-बच्चा जानता है। गांधीजी के विचारों ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया है। सत्ता से दूर रहने के बावजूद वह आज भी करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करते हैं।जब तक मानवता के साथ गांधीजी के विचारों का यह प्रभाव बना रहेगा, तब तक गांधीजी की प्रेरणा और प्रासंगिकता भी हमारे बीच बनी रहेगी।”

.....

Next Post

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन, अभिनेत्री शबाना आजमी का मिला समर्थन

Fri Oct 2 , 2026
हैदराबाद / मुंबई, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोटर लिस्ट से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के विरोध में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (अभिजीत दिपके) द्वारा मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क से देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया गया है, जिसका समर्थन […]

You May Like