
अशरफ अली भोपाल। क्रिसमस पर्व से पूर्व सोमवार को ओल्ड अशोक गार्डन स्थित सेंट थॉमस ऑर्थोडॉक्स कैथड्रल चर्च परिसर उत्सवमय माहौल में जगमगा उठा। आकर्षक लाइटिंग से सजे चर्च परिसर में 26 फीट ऊंचा भव्य सितारा स्थापित किया गया, जो आस्था, शांति और उल्लास का प्रतीक बना।
शाम ढलते ही रोशनी से दमकते इस विशाल सितारे ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का ध्यान आकर्षित किया। क्रिसमस की तैयारियों के तहत चर्च परिसर को विशेष रूप से सजाया गया, जहां प्रार्थना और सामूहिक सहभागिता का वातावरण देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, यह सितारा प्रभु यीशु के जन्म के संदेश प्रेम, करुणा और आशा का प्रतीक है, जो क्रिसमस के पावन अवसर पर सभी को आपसी सद्भाव और शांति का संदेश देता है।
