
बैतूल। नगर पालिका की स्वच्छता संस्था में काम करने वाले 22 वर्षीय दीपक पवार का शव शुक्रवार मलकापुर रोड के किनारे संदिग्ध हालात में मिला। दीपक पिछले दो दिनों से लापता था। जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की।
शव पर चेहरे, गर्दन, पीठ और सीने पर गहरी चोटों के निशान थे। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का मानना है कि दीपक पर किसी नुकीले हथियार से हमला किया गया।
दीपक नगर पालिका की कचरा गाड़ी में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था और परसों शाम से लापता था। उसके परिवार में मां और नानी हैं। उसके पिता उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, जो दीपक के शिशु अवस्था में ही घर छोड़कर चले गए थे। उसकी एक बहन थी, जिसकी पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है।
बैतूल एसपी वीरेन्द्र जैन ने बताया कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दीपक अंतिम बार किसके संपर्क में था और कहां गया था। ग्रामीणों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का असली कारण सामने आएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
