कटनी: लगभग दो महीने की शांति के बाद जिले में एक बार फिर हाईवे पर लुटेरों का आतंक सामने आया है। बीती रात कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम अमराडार के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने भोपाल निवासी एक कार सवार ठेकेदार को लूट लिया।जानकारी के अनुसार, मूलतः कटरा हिल्स भोपाल निवासी और वर्तमान में पन्ना के इंद्रपुरी कॉलोनी में रहकर ठेकेदारी करने वाले पीड़ित 31 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे कटनी से पन्ना की ओर जा रहे थे।
अमराडार के पास कार रोककर वे सड़क किनारे उतरे, तभी तीन युवक पहुंचे और कार में लिफ्ट मांगने लगे। मना करने पर बदमाशों ने चाकू अड़ाकर मोबाइल, सोने की चैन, दो अंगूठियां और लगभग 8 हजार रुपए नगद लूट लिए और फरार हो गए।सूचना मिलने पर कुठला पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 309 (4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पर सवाल
करीब दो महीने पहले हाईवे पर लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने अभियान चलाकर कई बदमाशों को पकड़ा और पारधीयों के डेरों पर दबिश दी थी। इसके बावजूद दो दिन पहले हुई दबिश के बाद ही लुटेरों ने फिर से वारदात को अंजाम दे दिया।लोगों का कहना है कि हाईवे पर पुलिस की चौकसी नाकाफी है, जिसके चलते लुटेरे लगातार सक्रिय हो रहे हैं। अब सवाल उठ रहा है कि क्या कटनी पुलिस राजमार्गों पर लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है?
